Ranchi: लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले एक सटीक और गोपनीय इनपुट के आधार पर ओडिशा पुलिस ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है. इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने पुरी जिले से एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है.
गुप्त अभियान में पकड़ी गई महिला
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को ओडिशा पुलिस ने पुरी जिले के पिपिली थाना अंतर्गत दनोगहीर गांव में एक गुप्त ऑपरेशन शुरू किया. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने रुक्सार बेगम नाम की एक बांग्लादेशी महिला को पकड़ लिया. विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, यह महिला लंबे समय से बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज या वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रही थी.

फर्जी भारतीय पहचान पत्रों का इस्तेमाल
शुरुआती जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी महिला ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और अन्य संवेदनशील इलाकों में भारतीय नामों से बने फर्जी आधार कार्ड और अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रही थी. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह पहले भी राज्य में कई तरह की संदिग्ध और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल रही है. गिरफ्तारी के बाद पुरी पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला को होल्डिंग सेंटर में स्थानांतरित कर दिया है.


