सरायकेला: झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने शनिवार को सरायकेला-खरसावाँ जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति मामलों की समीक्षा की. जिला आगमन पर DC नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (SP) और उप विकास आयुक्त (DDC) ने समिति के सभापति रामचंद्र सिंह समेत अन्य सदस्यों का स्वागत किया.
परिसदन सभागार में हुई समीक्षा बैठक
दौरे के दौरान परिसदन सभागार में समिति के सभापति रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त (ADC) जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी(DTO), जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

विभागवार लंबित आवेदनों की हुई समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों में अनुकंपा के आधार पर प्राप्त नियुक्ति संबंधी आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई. समिति ने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं अहर्ताधारी आश्रितों के मामलों की नियमानुसार जांच कर अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
पात्र आश्रितों को समय पर मिले नियुक्ति का लाभ
समिति ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत सरकारी कर्मियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है. इसलिए पात्र लाभुकों को अनावश्यक विलंब के बिना नियमानुसार नियुक्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समय पर राहत मिल सके.
ALSO READ: BAKS की विभागीय बैठक में RMHP की स्थानीय समस्याओं का अंबार, आंदोलन की चेतावनी
निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा के दौरान विभागवार लंबित मामलों का विस्तृत आकलन किया गया और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. समिति ने अधिकारियों से इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी जोर दिया.


