Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को लगातार हो रही बारिश के बीच नगर परिषद मिहिजाम क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम, प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्टिकल-3) के तहत बन रहे आवासों तथा मिहिजाम शहरी जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सभी योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सबसे पहले नगर परिषद कार्यालय के समीप निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम पहुंचे. उन्होंने निर्माण कार्य एवं स्वीकृत ड्राइंग का अवलोकन किया. प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का समुचित पालन नहीं होने पर संबंधित संवेदक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्य की समय-सीमा की भी जानकारी लेते हुए स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी.

DC ने मूलभूत सुविधाएं समय पर बहाल करने के दिए निर्देश
इसके बाद उपायुक्त हांसीपहाड़ी स्थित स्नेहपुर कुष्ठ आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम के निवासियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्टिकल-3) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण करते हुए संवेदक को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए आवास उपलब्ध करा रही है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही आवासों में पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए. उपायुक्त ने मिहिजाम शहरी जलापूर्ति योजना का भी विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने पंप हाउस, जल शुद्धिकरण प्रणाली, फिल्ट्रेशन यूनिट तथा जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए योजना की क्षमता, जल स्रोत एवं लाभुक परिवारों की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अधिकारियों को पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि नियमित रूप से जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया अपनाई जाए ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके. साथ ही शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा. निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला को लेकर गिरिडीह पुलिस अलर्ट, अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए सख्त निर्देश


