Ranchi: झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. मानसून की मौजूदा स्थिति और उत्तर-पूर्वी बिहार से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में बादलों का डेरा रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
• 13 और 14 जुलाई: राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों (देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज), धनबाद और दक्षिण-पूर्वी जिलों (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला) में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
• 15 से 17 जुलाई: पूरे राज्य में लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और मेघ गर्जन का दौर जारी रहेगा. इस दौरान पूरे राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
रांची और आसपास का मौसम
राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. 12 और 13 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश के बाद, 14 जुलाई से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है, जिससे तापमान में कमी आएगी. रांची में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
पिछले 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग स्थानों पर गर्जन के साथ वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक बारिश पथरगामा (गोड्डा) में 33.2 मिलीमीटर दर्ज की गई. वहीं, तापमान की बात करें तो सबसे अधिक गर्मी पाकुड़ में रही, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पाकुड़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 33.5 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 33.4 डिग्री सेल्सियस, लातेहार में 33.1 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला में 32.9 डिग्री सेल्सियस, डाल्टेनगंज में 32.5 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 32.1 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा में 29.8 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 28.6 डिग्री सेल्सियस और रांची में 28.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
