लोहरदगा: अंजुमन इस्लामिया अदलिया कमिटी में 6 मामलों की सुनवाई, सुलझाए पारिवारिक विवाद

Lohardaga: अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की अदलिया कमिटी की साप्ताहिक बैठक रविवार को अंजुमन कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कमिटी...

Anjuman Islamia Adaliya Committee
अंजुमन इस्लामिया अदलिया कमिटी की बैठक

Lohardaga: अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा की अदलिया कमिटी की साप्ताहिक बैठक रविवार को अंजुमन कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कमिटी के पदाधिकारियों ने की, जिसमें पारिवारिक एवं भूमि विवाद समेत कुल छह महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की गई. सुनवाई के दौरान दो मामलों का आपसी सहमति से सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया, जबकि एक मामले को साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर खारिज कर दिया गया. शेष मामलों में आवश्यक सुनवाई के बाद अगली तिथि निर्धारित की गई तथा कुछ मामलों को जांच-पड़ताल के लिए सुरक्षित रखा गया.

इन मामलों पर की गई सुनवाई 

सुनवाई के दौरान पहला मामला सिसई और सोरंदा बांध टोली के पति-पत्नी के बीच पारिवारिक मतभेद से संबंधित था, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से समझौता कराते हुए विवाद का समाधान कराया गया. दूसरा मामला जुरिया बनाम ओयना का था, जिसकी सुनवाई के बाद अगली तिथि निर्धारित की गई. तीसरा मामला पंडरी बनाम मसमानो के पारिवारिक विवाद का था, जिसका भी आपसी सहमति से निपटारा कर दिया गया. सोमवार बाजार स्थित भूमि विवाद और कुरैशी मोहल्ला के भूमि विवाद की भी सुनवाई हुई. इनमें एक मामले में अगली तिथि तय की गई, जबकि दूसरे मामले को खारिज कर दिया गया. इसके अतिरिक्त दो अन्य मामलों को विस्तृत जांच-पड़ताल के लिए सुरक्षित रखा गया.

अदलिया कमिटी का उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द को मजबूत करना- सचिव

इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के सचिव सैयद शाहिद अहमद बेलू ने कहा, कि अदलिया कमिटी का उद्देश्य केवल विवादों का निपटारा करना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, विश्वास और पारिवारिक सौहार्द को मजबूत करना है. कमिटी में आने वाले सुलह योग्य मामलों का समाधान दोनों पक्षों की सहमति और आपसी समझ के आधार पर किया जाता है, जिससे न्याय के साथ-साथ रिश्तों की गरिमा भी बनी रहती है. उन्होंने जिले के मुस्लिम समाज से अपील की, कि छोटे-छोटे विवादों को अदालत तक ले जाने के बजाय पहले अदलिया कमिटी के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रयास करें, ताकि समय, धन और आपसी संबंध तीनों की रक्षा हो सके.

ये रहे उपस्थित 

बैठक में सेक्रेटरी सैयद शाहिद अहमद बेलू, नायब सदर सैयद आरिफ हुसैन बबलू, ज्वाइंट सेक्रेटरी अल्ताफ कुरैशी, मोज्जमिल अंसारी, यासीन कुरैशी, मीनू खान, सेराज अंसारी, बब्बन तथा ऑफिस सेक्रेटरी अब्दुल कलाम तेगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: SIR-2026 अभियान: BLO सीता देवी ने 1410 मतदाताओं तक पहुंचाए गणना प्रपत्र, SDO ने किया सम्मानित

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *