Jamtara: पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे. इस दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मई 2026 से अब तक जिले में कुल 753 वारंटों का निष्पादन एवं गिरफ्तारी की जा चुकी है. वहीं जून 2026 के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों तथा हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए.फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
साइबर अपराध को लेकर जताई गई विशेष चिंता

बैठक में साइबर अपराध को लेकर विशेष चिंता जताई गई. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर ठगी में शामिल अपराधियों के विरुद्ध लगातार सूचना संकलन कर छापेमारी की जाए तथा उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए. सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों, वारंटों और स्थायी वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानें और अन्य महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए.बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और अवैध मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
जामताड़ा में पुलिस सभा का किया गया आयोजन

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता के साथ पुलिस के बेहतर संबंध स्थापित करने, लोगों की शिकायतों का त्वरित और विधिसम्मत समाधान करने तथा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए नियमित एंटी क्राइम अभियान और वाहन जांच चलाने के निर्देश दिए.आगामी श्रावणी मेला-2026 को देखते हुए जिले से होकर गुजरने वाले कांवरियों की सुरक्षा के लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर सघन गश्ती, सतत निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश भी जारी कियगया.

बैठक के बाद पुलिस केंद्र, जामताड़ा में पुलिस सभा का आयोजन किया गया, जिसमें जिला बल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.जामताड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
ALSO READ : लोहरदगा: अंजुमन इस्लामिया अदलिया कमिटी में 6 मामलों की सुनवाई, सुलझाए पारिवारिक विवाद
