Dhanbad: जिले के झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित एक शराब दुकान के बाहर रविवार की देर रात जमकर बवाल हुआ. गुलगुलिया पट्टी में आई एक बारात के कुछ बाराती और असामाजिक तत्व दुकान के बाहर खुलेआम शराब पीकर हंगामा कर रहे थे. जब मौके पर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया. इस हिंसक झड़प में झरिया थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी का अगला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए हैं. इलाके में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा.
अतिरिक्त पुलिस बल ने खदेड़ा, छह हिरासत में
पथराव और हमले की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत वरीय अधिकारियों को मामले की सूचना दी. खबर मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लाठीचार्ज कर पथराव कर रहे उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ा.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू नामक युवक समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है. सभी आरोपियों को झरिया थाना ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है.

Read Also: अमरनाथ यात्रा शुरू होते ही पिघला शिवलिंग, जलवायु परिवर्तन की चर्चा तेज
शादी की खुशियां तनाव में बदलीं
जानकारी के अनुसार, कतरास मोड़ स्थित गुलगुलिया पट्टी के रहने वाले राजेश भुईयां के घर रविवार को बारात आई थी. बारात में शामिल कुछ शरारती तत्व शराब दुकान के पास जुटकर हुड़दंग कर रहे थे, जिसके बाद यह पूरा विवाद खड़ा हुआ.
