जमशेदपुर: राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, फरार आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव गिरफ्तार

बिरसानगर से पुलिस ने आरोपी को दबोचा जमशेदपुर के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली...

Jamshedpur
राहुल बच्चा केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी

बिरसानगर से पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जमशेदपुर के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.

तकनीकी सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने 12 जुलाई को बिरसानगर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

8 जुलाई को हुई थी राहुल बच्चा की हत्या

बता दें कि 8 जुलाई की शाम मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला किया गया था. इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था.

अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार

इस हत्याकांड में पुलिस इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्की सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ सिदगोड़ा और मानगो थाना में हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं.

सभी आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी

सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि राहुल बच्चा हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है. अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *