Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में “प्रोजेक्ट बचपन–भविष्य की राहें” के तहत मंगलवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आनंददायी शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देना है.
DC ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन
तांतनगर परियोजना के तांतनगर-सी एवं लोवाहातु आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने बच्चों के साथ जन्मोत्सव मनाया. जुलाई माह में जन्मदिन वाले बच्चों ने सामूहिक रूप से केक काटा. उपायुक्त ने बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इसके बाद बच्चों को पौष्टिक एवं विशेष भोजन परोसा गया. उपायुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया.
बच्चों के विकास पर जोर
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक व्यवहार और आत्मविश्वास निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं. जन्मोत्सव जैसे आयोजन बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करते हैं और उन्हें आंगनबाड़ी से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं.
Also Read: चाईबासा: झारखंड आंदोलनकारी एवं आजसू नेता दामू बानरा के निधन पर शोक की लहर
स्वस्थ और खुशहाल बचपन की प्रतिबद्धता
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ, शिक्षित और खुशहाल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बच्चों के समग्र विकास के लिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और भावनात्मक विकास से जुड़ी गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है.
स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर चर्चा की गई. बच्चों ने कविता पाठ भी किया तथा विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियों में भाग लिया. उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने, स्वच्छता अपनाने और पौष्टिक भोजन करने के लिए प्रेरित किया.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में तांतनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती, स्थानीय जनप्रतिनिधि, लेडी सुपरवाइजर, सेविका-सहायिका सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
