Ranchi: तुपुदाना में दो नाबालिग बच्चियों के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर महिला मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की
भाजपा महिला मोर्चा का दावा है कि पीड़ित परिवार ने कई गंभीर बातें बताईं. परिवार के अनुसार, बच्ची को घर से ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. साथ ही आरोप लगाया गया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करने के बजाय मामले को दबाने और मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है. इन आरोपों के आधार पर भाजपा महिला मोर्चा ने राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच, बच्ची को घर से ले जाने वाले व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी, सभी आरोपियों पर POCSO समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और जल्द न्याय तथा जरूरत पड़ने पर CBI या किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की.
बेटियों की सुरक्षा पर किसी भी तरह का समझौता नहीं
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो भविष्य में ऐसे अपराध करने वालों के लिए कड़ा संदेश बने. भाजपा महिला मोर्चा न्याय मिलने तक पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी और सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी. प्रतिनिधिमंडल में शोभा यादव, सीमा सिंह, शुचिता सिंह, नीलम चौधरी, बबीता वर्मा, सुप्रिया दुबे, अर्चना सिंह और सविता लिंडा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थीं.
