Bandgaon: भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के मद्देनजर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंगलवार को जगन्नाथ मंदिर से लेकर पुरनाडीह तक बिजली व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पूरे रथ मार्ग पर बिजली के तारों, पोलों एवं अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित कर्मियों को सभी आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सहायक विद्युत अभियंता भामा पद टुडू ने कहा, कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पूरे मार्ग पर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, ढीले तारों एवं अन्य तकनीकी खामियों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जब रथ यात्रा शुरू होगी, तब बिजली काट दी जाएगी. उन्होंने आश्वस्त किया कि रथ यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके.
निरीक्षण में कनीय विद्युत अभियंता मणिकचंद्र शर्मा, लाइनमैन संजय यादव, सोनू प्रसाद एवं अरुण साहू, जगन्नाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्रा तथा मीडिया प्रभारी नितेश मंडल भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: नगर पंचायत डोमचांच में ‘नमस्ते दिवस’ पर सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
