Hazaribagh: बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर मांडू वन प्रक्षेत्र के पिंडरा में वन महोत्सव का आयोजन किया गया. धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जवानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
DFO नीतीश कुमार ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
रामगढ़ वन प्रमंडल की ओर से आयोजित वन महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामगढ़ वन प्रमंडल के DFO नीतीश कुमार और विशिष्ट अतिथि रेंजर बटेश्वर पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद अधिकारियों ने विधिवत पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की.
60 हजार पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए DFO नीतीश कुमार ने कहा कि इस वर्ष क्षेत्र में 60 हजार फलदार और छायादार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, “सिर्फ पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे पेड़ बनाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा.”
पुलिस-पब्लिक समन्वय की दिखी मिसाल
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय की तस्वीर भी देखने को मिली. चरही थाना के सब-इंस्पेक्टर अभय आनंद मौके पर मौजूद रहे और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया. वन विभाग के फॉरेस्टर शैलेंद्र कुमार और वन रक्षी अजय कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे भी इस अभियान में शामिल हुए.
ALSO READ: चुनाव आयोग का फैसला: SIR कार्य में लगे BLO और सुपरवाइजरों को मिलेगा छह हजार का मानदेय
ग्रामीणों के बीच बांटे गए फलदार पौधे
इस अवसर पर वन विभाग की ओर से ग्रामीणों के बीच विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया. पौधे पाकर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे, ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया.
