Dhanbad: जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर खबर सामने आ रही है. धनबाद मुख्य डाकघर और उसी परिसर में संचालित होने वाले क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. एक अज्ञात ई-मेल के जरिए मिली. इस धमकी के बाद धनबाद थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और पूरे परिसर में हड़कंप मच गया है.
ईमेल में मिली खतरनाक धमकी, कहा केवल मुसलमानों को निकालो
सुरक्षा एजेंसियों को मिले इस धमकी भरे ई-मेल में बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली बातें लिखी गई हैं. धमकी देने वाले ने मेल में लिखा है निवेधा पेथुराज ने हमारे पैगंबर मुहम्मद का अपमान किया है. दोपहर 1:15 बजे आपके पासपोर्ट और डाकघर ऑफिस में तीन साइनाइड पॉइजन गैस RDX बम फोड़ेंगे. केवल मुसलमानों को निकालो — अल-बदिक.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, खाली कराए गए आस-पास के दफ्तर
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही धनबाद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गयी. पुलिस ने डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों और आम लोगों को तुरंत बाहर निकाल कर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है. मुख्य डाकघर से बिल्कुल सटे BSNL ऑफिस और EPF ऑफिस को भी एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता तैनात
मौके पर धनबाद पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं. पूरे परिसर की सघन जांच के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को बुला लिया गया है. इस धमकी भरे ई-मेल के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पुलिस की एक विशेष टीम और साइबर सेल इस बात की तफ्तीश में जुट गई है कि यह ई-मेल कहां से भेजा गया था और इसके पीछे किस असामाजिक तत्व या संगठन का हाथ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा चुके हैं और जनता को पैनिक होने की जरूरत नहीं है.
