Chakradharpur: पवित्र सावन माह के शुभारंभ के अवसर पर चक्रधरपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन एवं पाठ का आयोजन किया गया. इस भक्तिमय समागम में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय कुमार साव शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा साहिब में गुरबाणी के दिव्य कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेककर चक्रधरपुर के समस्त नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की. इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने संगत के साथ बैठकर गुरु का अटूट लंगर प्रसाद ग्रहण किया.
नगरवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा, “सावन के इस पावन महीने की शुरुआत गुरु महाराज के आशीर्वाद के साथ करना अत्यंत सौभाग्य की बात है. गुरुद्वारा साहिब में आकर मन को असीम शांति और प्रसन्नता की अनुभूति हुई है. हम गुरु महाराज से यही प्रार्थना करते हैं कि यह पवित्र महीना आप सभी के जीवन में खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए. सभी नगरवासियों को पवित्र सावन माह की हार्दिक शुभकामनाएं.” इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाया.
