Ranchi: आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और उन्हें तत्काल कानूनी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है. बुधवार को रांची जिले के विभिन्न थानों और ओपी में जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है. इस विशेष अभियान के तहत पुलिस के एसएसपी राकेश रंजन समेत कई आला अधिकारी खुद जमीन पर उतरकर लोगों की फरियाद सुन रहे हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान:
जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता और गंभीरता से निपटारा करने के लिए जिले के शीर्ष अधिकारी सीधे थानों में मौजूद हैं. जिनमें एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी शामिल है. ये सभी अधिकारी विभिन्न थानों में खुद बैठकर आम लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं और मौके पर ही उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
पहले ही जारी कर दिया गया था शेड्यूल:
इस कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए इसका शेड्यूल और समय-सारणी सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और प्रबुद्ध नागरिकों के माध्यम से पहले ही प्रसारित कर दी गई थी, ताकि लोग समय पर अपनी शिकायतें लेकर पहुंच सकें.
पिछले सप्ताह का रिपोर्ट कार्ड: 380 में से 160 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा:
रांची पुलिस की इस जन-हितैषी पहल को लेकर जनता के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है. पिछले सप्ताह आयोजित हुए कार्यक्रम के आंकड़े इसकी सफलता की गवाही देते हैं.
– कुल प्राप्त आवेदन 380
– त्वरित निष्पादित मामले 160
– जांच के अधीन मामले: 220
