Jamtara : बिंदापाथर थाना क्षेत्र के धसनिया गांव के समीप बुधवार हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय निलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक लालटू यादव का पुत्र था. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से निलेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
मासूम की मौत पर भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे किया जाम
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने धसनिया के पास गोविंदपुर–साहिबगंज स्टेट हाईवे को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की. घटना की सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था. प्रशासनिक अधिकारियों, मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही थी ताकि जाम समाप्त कराया जा सके. इस हृदयविदारक हादसे से पूरे धसनिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए.
Also Read : 864 लिपिकों की भर्ती पर फंसा पेंच, कार्मिक विभाग ने लौटाई अधियाचना
