Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से लेकर कोयलांचल धनबाद तक आज खौफ का मंजर छाया रहा. एक के बाद एक कई सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं. सबसे पहले रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी मिली. इसके कुछ ही देर बाद धनबाद के मुख्य डाकघर में विस्फोट की धमकी ने सनसनी फैला दी. चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी धमकियां एक ही पैटर्न पर आधारित है. ईमेल के जरिए दहशत पैदा करना. प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनबाद के मुख्य डाकघर को उड़ाने की धमकी वाला ईमेल रांची स्थित डाक विभाग के कार्यालय को भेजा गया था. जैसे ही यह संदेश धनबाद पहुंचा, प्रशासन ने एहतियातन पूरे भवन को खाली कराकर उसे छावनी में तब्दील कर दिया. बम निरोधक दस्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चप्पे-चप्पे को खंगाला गया.
यह भी पढ़ें: भाजपा कार्यकर्ताओं का हो रहा राजनीतिक उत्पीड़न, झूठे मुकदमे वापस ले सरकार : आदित्य साहू
महज अफवाह या गहरी साजिश
रांची पासपोर्ट कार्यालय का भी यही हाल रहा, जहां धमकी मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई. यह पहली बार नहीं है हालांकि, घंटों चले गहन तलाशी अभियान के बाद भी बीडीडीएस टीम को कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. फिलहाल पुलिस प्रशासन साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुट गया है.
