Ranchi/Chatra: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चतरा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने चतरा मंडल कारा पहुंचकर श्रीनिवास कुमार और जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मुलाकात की. इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में अवैध खनन, अवैध ढुलाई, जुआ, अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है. उनका आरोप है कि श्रीनिवास कुमार लगातार अवैध गतिविधियों और प्रशासन की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, जिसके बाद उन्हें धमकियां दी गईं और अंततः गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: 864 लिपिकों की भर्ती पर फंसा पेंच, कार्मिक विभाग ने लौटाई अधियाचना
‘कार्रवाई राजनीतिक दबाव में’
उन्होंने कहा कि यदि कानून के तहत कार्रवाई करनी थी तो स्थानीय स्तर पर भी की जा सकती थी, लेकिन रांची जाकर गिरफ्तारी करना यह दर्शाता है कि कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई. उन्होंने मांग की कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें तुरंत वापस लिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो भाजपा पूरे राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा जनआंदोलन करेगी.
शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिजनों से भी मिले
चतरा दौरे के दौरान आदित्य साहू हाल ही में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण यादव और सहदेव यादव के परिजनों से भी मिले. उन्होंने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि अनियंत्रित और कथित अवैध कोयला परिवहन के कारण क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है. उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
यह भी पढ़ें सड़क पर घमासान: ढुल्लू महतो बनाम अरूप चटर्जी, विकास की आड़ में सत्ता का पावर गेम:
