Ranchi: डोरंडा निवासी युवक सुनील मिंज (26 वर्ष) की हत्या मामले में डोरंडा थाना में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में एसएसपी राकेश रंजन ने ऑन द स्पॉट समाधान कर दिया. मामले के दोनों आरोपी सतीस मिंज और अनुप मिर्धा को जेल भेजने का आदेश दिया. डोरंडा पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी.
तीन महीने से न्याय की तलाश
डोरंडा निवासी युवक सुनील मिंज (26 वर्ष) की तीन महीने पहले हत्या हो गई थी. उस मामले में पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा था, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा था. पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए वरीय अधिकारियों से भी गुहार लगा चुका था, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा था.
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में उठाया मामला
बुधवार को मृतक के पिता बबलू मिंज, बहन व अन्य संबंधी जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पहुंचे और बताया कि तीन महीने पहले सुनील मिंज की हत्या हो गई थी. उसमें सतीस मिंज और अनुप मिर्धा आरोपी हैं. लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है. एसएसपी ने डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद को तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आदेश दिया.
Also Read: नाबालिग को भगाकर शादी और दुष्कर्म का आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी
मृतक की बहन ने बताई पूरी घटना
इधर, इस संबंध में मृतक की बहन ने बताया कि सुनील मिंज उसका इकलौता भाई था. वह आईटीआई की पढ़ाई कर अपने मामा के साथ काम सीखता था. तीन महीने पहले छोटा घाघरा के समीप स्थित पुल के पास उसका शव मिला था. दोनों आरोपी उसके दोस्त हैं. कॉल डिटेल रिकॉर्ड में उक्त आरोपियों का नाम आया था. उसके बाद उनकी गिरफ्तारी का दबाव परिवार के लोग पुलिस पर दे रहे थे.
