Palamu: सोशल मीडिया पर क़े माध्यम से जानकारी मिलने क़े बाद बीते 16 मई 2026 को पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत हुसैनाबाद प्रखंड की लोटनिया पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव पहुंचे थे. उन्होंने अनाथ बच्चों की स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को उन्हें सभी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया था. उपायुक्त के निर्देश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी पंकज कुमार स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ एकौनी गांव पहुंचे और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस. के. रवि ने तीनों बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया.
तीनों बच्चों के बैंक खातों में प्रतिमाह 4-4 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी
अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि अंजली कुमारी, हिमाचल कुमार और हिमांशु कुमार की स्पॉन्सरशिप योजना स्वीकृत हो गई है. अगले महीने से तीनों बच्चों के बैंक खातों में प्रतिमाह 4-4 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी. बच्चों को अभिभावक, बीपीओ, शिक्षक और आपूर्ति पदाधिकारी से जोड़ दिया गया है. राशन कार्ड में नाम दर्ज हो चुका है और अगले महीने से नियमित राशन मिलेगा.प्रत्येक माह मेडिकल टीम बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी. संपर्क के लिए एक कीपैड मोबाइल उपलब्ध कराया गया है. साथ ही घर में बिजली, बल्ब, पंखा लगाने का कार्य कराया गया है तथा जल्द ही गैस चूल्हा भी उपलब्ध कराया जाएगा.सीओ पंकज कुमार ने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार बच्चों को सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है. आगे भी उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रशासन लगातार ध्यान रखेगा, इस दौरान मौके पर सनाजसेवी सतीश शर्मा, जय प्रकाश सहित ग्रामीणों सहित अन्य मौजूद रहे.
ALSO READ : लोहरदगा: “हर परिवार खुशहाल हो…” भगवान जगन्नाथ के दरबार में रोहित उरांव ने की विशेष प्रार्थना
