Jamtara: टावर चौक से न्यू टाउन जाने वाली सड़क पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पंचायत की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर पुलिस बल के साथ पहुंची टीम एक चाय दुकान को हटाने की कार्रवाई कर रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. विरोध के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
मंत्री से बातचीत के बाद रुकी कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता इरशादुल हक आरसी और विनोद छेत्री ने स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी से फोन पर बात कर स्थिति से अवगत कराया. इसके बाद मंत्री के हस्तक्षेप की चर्चा के बीच नगर पंचायत प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई रोक दी.
स्थानीय लोगों ने न्यायालय में मामला लंबित होने का दिया हवाला
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस चाय दुकान को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, उसका मामला वर्तमान में अनुमंडल न्यायालय में विचाराधीन है. लोगों ने आरोप लगाया कि एक व्यवसायी के दबाव में नगर पंचायत प्रशासन कार्रवाई कर रहा है.
जनता दरबार की शिकायत पर पहुंची थी टीम
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत ने बताया कि उपायुक्त के जनता दरबार में सड़क अतिक्रमण को लेकर शिकायत मिली थी. उसी शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए टीम पहुंची थी. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना है.
कानून के अनुसार होगी आगे की कार्रवाई : बीडीओ
अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि प्रशासन न्यायालय के निर्देश और कानून के प्रावधानों का पालन करेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और आगे की कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की जाएगी.
स्थानीय नेताओं ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता इरशादुल हक आरसी ने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए निर्णय आने से पहले कार्रवाई उचित नहीं है. वहीं विनोद छेत्री ने कहा कि प्रशासन को स्थानीय लोगों की भावनाओं और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए.मौके पर अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत, थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो, नगर पंचायत कर्मी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय लोग मौजूद थे.
