Hazaribagh: शहर में पहली बार इस्कॉन द्वारा श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के तहत पीटीसी चौक, मटवारी स्थित इस्कॉन मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य एवं दिव्य रथ यात्रा निकाली गई. रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी और पूरा शहर “हरे कृष्ण” संकीर्तन व जयघोष से भक्तिमय हो गया. रथ यात्रा में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल भी शामिल हुए. उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं के साथ रथ की रस्सी खींचकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हजारीबाग में पहली बार इस्कॉन द्वारा इतनी भव्य रथ यात्रा का आयोजन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे तथा समाज में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो, यही उनकी कामना है.
रिमोट संचालित झारखंड का सबसे बड़ा रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का रहा केंद्र
इस्कॉन द्वारा तैयार किया गया रिमोट संचालित झारखंड का सबसे बड़ा रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा. जैसे ही महाप्रभु का रथ यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ा, दर्शन और रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और जय श्री जगन्नाथ के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.रथ यात्रा में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. आयोजन के सफल संचालन में इस्कॉन के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ALSO READ : झारखंड को मिल सकती है दो नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें, टाटानगर से मुंबई और वाराणसी के लिए भेजा गया प्रस्ताव
