लोहरदगा में NIA की बड़ी कार्रवाई, पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

Amit Verma Lohardaga: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को लोहरदगा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग स्थानों पर एक...

लोहरदगा
लोहरदगा में NIA की बड़ी कार्रवाई

Amit Verma

Lohardaga: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को लोहरदगा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय में हुई बमबाजी की घटना से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई बताई जा रही है. सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा, वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत कर दिया गया.

तड़के 4 बजे पहुंची NIA की टीम

जानकारी के अनुसार, NIA की विशेष टीम गुरुवार सुबह करीब चार बजे ही लोहरदगा पहुंच गई थी. टीम ने स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से जिले के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और उनसे जुड़े ठिकानों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घरों और अन्य स्थानों की गहन जांच की. इस दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की गई, ताकि मामले से जुड़े नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके.

अमन अंसारी के घर भी पहुंची NIA टीम

सूत्रों के अनुसार, RSS कार्यालय बमबाजी मामले में जेल में बंद आरोपी अमन अंसारी के आवास पर भी NIA की टीम पहुंची थी. बताया जा रहा है कि टीम ने घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया. इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बिजली विभाग की क्रेन की मदद ली. क्रेन के सहारे पुलिसकर्मी घर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचे और वहां से ताले तक पहुंचकर आगे की कार्रवाई की गई. इस दौरान इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही.

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल NIA की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां और संभावित साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है.

RSS कार्यालय बमबाजी मामले की जांच में जुटी है NIA

गौरतलब है कि रांची स्थित RSS कार्यालय में हुई बमबाजी की घटना के बाद से NIA इस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है. जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य घटना के पीछे सक्रिय नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों और उनके आपसी संबंधों का पता लगाना है. इसी क्रम में झारखंड के अलग-अलग जिलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है.

ALSO READ: जमशेदपुर: जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त

लोहरदगा की कार्रवाई को माना जा रहा अहम

लोहरदगा में हुई इस छापेमारी को जांच के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, कार्रवाई के बाद जिले में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है. प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच एजेंसी की ओर से इस मामले में कुछ और अहम खुलासे हो सकते हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *