बोकारो में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार, बिहार में बैठा है नेटवर्क का सरगना

Bokaro: बोकारो पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, ये...

Bokaro
साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार

Bokaro: बोकारो पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी बोकारो में रहकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों का कनेक्शन बिहार से जुड़ा हुआ है, जहां इनके संरक्षक बैठे होने की बात सामने आई है.

बैंककर्मी और ट्रैवल एजेंट बनकर करते थे ठगी

बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को आरएम टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट और बैंककर्मी बताकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे. विश्वास में लेने के बाद वे लोगों से ठगी कर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे.

9 साइबर अपराधी पुलिस के शिकंजे में

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सम्राट कुमार विनय, निरंजा कुमार, सुदामा कुमार, नीतीश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद कुमार, धर्मराज कुमार, बृजेश कुमार और रवि प्रभाकर शामिल हैं. इनमें सम्राट कुमार विनय बोकारो सेक्टर-3 का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं.

43 हजार रुपये नकद और कई दस्तावेज बरामद

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 43,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने 18 बैंकों के पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 9 सिम कार्ड और 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. ठगी की रकम को जिन खातों में ट्रांसफर किया गया था, उन्हें बैंक के माध्यम से होल्ड कराया गया है.

बिहार में बैठे संरक्षकों की तलाश जारी

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि इस साइबर गिरोह का नेटवर्क बिहार से संचालित हो रहा था. इनके संरक्षक बिहार में बैठे हुए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि जिस मकान में रहकर आरोपी साइबर ठगी कर रहे थे, उस मकान मालिक को भी चिन्हित किया जा रहा है. जांच में दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.

ALSO READ: लोहरदगा में NIA की बड़ी कार्रवाई, पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

 

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *