EXCLUSIVE: 25 लाख का इनामी माओवादी अजय महतो उर्फ टाईगर: 240 कांडों में शामिल वो खूंखार चेहरा, जिसने झारखंड पुलिस और सुरक्षाबलों की नाक में कर रखा था दम, 33 बड़ी घटनाओं को दिया अंजाम

SAURAV SINGH Ranchi: झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष कमांडर अजय महतो की गिरफ्तारी हो...

प्रतिकतमक तस्वीर AI

SAURAV SINGH

Ranchi: झारखंड में आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष कमांडर अजय महतो की गिरफ्तारी हो चुकी है. सीआरपीएफ आईजी साकेत कुमार सिंह और आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के द्वारा बनाया गए ठोस रणनीति के वजह से गिरिडीह पुलिस ने अजय महतो को गिरफ्तार किया है.झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुके इस दुर्दांत नक्सली के खिलाफ दर्ज मामलों की फेहरिस्त देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं. राज्य सरकार द्वारा 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किए जाने वाले इस नक्सली कमांडर पर कुल 240 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जंगलों में आईईडी ब्लास्ट करने से लेकर निर्दोष ग्रामीणों की हत्या और सुरक्षा बलों पर कायराना हमलों के पीछे इसी “टाईगर” का हाथ रहा है.

जाने माओवादी अजय महतो की पूरी प्रोफाइल

  • – पूरा नाम: अजय महतो उर्फ मोछु उर्फ अंजन दा उर्फ टाईगर उर्फ बुधराम उर्फ श्रीकांत उर्फ बासुदेव
  • – पिता का नाम: चान्दो महतो उर्फ प्रेमचन्द्र महतो
  • – पता: ग्राम- नावाडीह, थाना- पीरटांड, जिला- गिरिडीह (झारखंड)
  • – संगठन में पद: स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य, भाकपा (माओवादी)
  • – इनामी राशि: 25 लाख (झारखंड सरकार द्वारा घोषित)
  • – कुल दर्ज मामले: 240 कांड

अजय के द्वारा साल 2025-2026 के बीच किए गए बड़े हमले

  • – अजय महतो के इशारे पर नक्सलियों ने पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर कई बड़े आईईडी ब्लास्ट और घात लगाकर हमले किए हैं.
  • – 01 मार्च 2026: चाईबासा जिले के मनोहरपुर, चोटनागरा और जराइकेला के सीमावर्ती मारंगपोंगा और किनबीर जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़. कोबरा बटालियन के जवान विक्रम यादव घायल हुए. इसके बाद हुए आईईडी ब्लास्ट में कोबरा 209 के सहायक समादेष्टा अजय मल्लिक और हवलदार संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
  • – 22 मार्च 2025 चोटनागरा थाना क्षेत्र के मारंगपोंगा जंगल में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया। इस हमले में सीआरपीएफ 193 बटालियन के एसआई सुनील कुमार मण्डल शहीद हो गए और हवलदार पार्थ प्रियतम डे जख्मी हुए.
  • – 12 अप्रैल 2025: राधा पोड़ा जंगल में माओवादियों द्वारा की गई फायरिंग और आईईडी ब्लास्ट में कोबरा 203 बटालियन के कॉन्स्टेबल विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हुए. इलाज के दौरान आरक्षी सुनील धान शहीद हो गए.
  • – 10 अक्टूबर 2025: जराइकेला के उदयगुरु गाडा (समठा वन क्षेत्र) में हुए आईईडी धमाके में सीआरपीएफ 60 बटालियन के इंस्पेक्टर कौशल कुमार मिश्रा, एसएसआई रामचंद्र गोगई घायल हुए. इस हादसे में हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर वीरगति को प्राप्त हुए.
  • वर्ष 2023 के बड़े हमले और शहादत

  • – 14 अगस्त 2023: टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका पहाड़ी इलाके में संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई. इस गोलीबारी में झारखंड जगुआर के सब-इंस्पेक्टर अमित तिवारी और आरक्षी गौतम कुमार शहीद हो गए.
  • – 11 अगस्त 2023: चाईबासा टोंटो के हुसिपी जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बल के जवान सुशांत कुमार उर्फ सुशांत खुटिया शहीद हुए और हवलदार मुन्ना लाल यादव घायल हुए.

निर्दोष ग्रामीणों को बनाया निशाना: पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्याएं

  • – अजय महतो का दस्ता सिर्फ सुरक्षा बलों ही नहीं, बल्कि आम जनता में भी खौफ पैदा करने के लिए जाना जाता है. इस संगठन ने कई निर्दोष ग्रामीणों को पुलिस मुखबिर बताकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया
  • – 23 फरवरी 2024: चाईबासा टोंटो थाना क्षेत्र के बांदाबेड़ा गांव में रहने वाले ग्रामीण जितेन लागुरी की पुलिस मुखबिरी के झूठे आरोप में गोली मारकर हत्या कर दी गई.
  • – 01 फरवरी 2024: चाईबासा जेतेया थाना क्षेत्र के बुरूराईका गांव में चुडू सिरका नामक व्यक्ति की माओवादियों ने बेरहमी से हत्या कर दी.
  • – 20 अप्रैल 2020: चाईबासा गोइलकेरा के कुईड़ा चौक के पास रहने वाले ग्रामीण राजकिशोर गोप की गोली मारकर हत्या की गई.

कई बड़े और खौफनाक हमले को दिया था अंजाम

  • – 04 मार्च 2021 (टोकलो नरसंहार): चाईबासा टोकलो थानांतर्गत लांजी के जंगलों में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर एक बड़ा आईईडी ब्लास्ट किया था. इस भीषण धमाके में झारखंड जगुआर के 3 जवान हवलदार देवेंद्र कुमार पंडित, आरक्षी हरिद्वार साह और आरक्षी किरण सुरीन शहीद हो गए थे.
  • – मई 2019 (खरसावां ब्लास्ट): खरसावां के रडिंगदा-रायसिंदरी पहाड़ी क्षेत्र में माओवादी महाराज प्रमाणिक दस्ते द्वारा लैंडमाइंस ब्लास्ट किया गया, जिसमें 15 सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए और इलाज के दौरान जवान सुनील कलीता शहीद हो गए.
  • – 11 जुलाई 2020: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकेल वन विभाग कार्यालय पर धावा बोलकर नक्सलियों ने पूरे परिसर को आईईडी ब्लास्ट से उड़ा दिया और वहां खड़े करीब 12 वाहनों (आठ मोटरसाइकिल और चार चार पहिया) को आग के हवाले कर दिया था.
  • – 29 मई 2017: सरिया थाना क्षेत्र के चियांकी रेलवे स्टेशन के पास नक्सलियों ने झारखंड बंद के दौरान डाउन रेलवे ट्रैक को बम से उड़ा दिया था, जिससे रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था.

कानून का शिकंजा, पुलिस की लगातार दबिश से हुआ गिरफ्तार

माओवादी अजय महतो के खिलाफ दर्ज 240 मामलों में हत्या, देशद्रोह, यूएपीए आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सीएलए एक्ट जैसी अत्यंत गंभीर धाराएं शामिल हैं. झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमें इस इनामी माओवादी और उसके दस्ते को खत्म करने के लिए सारंडा और कोल्हान के जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, जिसका नतीजा यह हुआ कि सुरक्षाबलों को गिरफ्तार करने में सफलता हाथ लगी है.

ALSO READ : ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ का कमाल: NEET-2026 में पूनम, ऋषि और फिरदौस ने लहराया परचम, CM का सपना हुआ साकार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *