Ranchi: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा को संबोधित करते हुए कहा कि वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जानी चाहिए. डॉ. अंसारी ने कहा कि सोनम वांगचुक का आंदोलन केवल एक व्यक्ति का विरोध नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है. उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील विषय पर केंद्र सरकार को गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ विचार करना चाहिए.
राहुल गांधी से भी हस्तक्षेप की मांग
स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आगे आकर यह सुनिश्चित करें कि सोनम वांगचुक को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिले और उनके जीवन एवं स्वास्थ्य की सुरक्षा में कोई कमी न रहे.
