Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिल रही है. बिना हेलमेट और क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर बाइक चलाने का सिलसिला जारी है. शुक्रवार को मरकच्चो क्षेत्र में एक बाइक पर पांच लोगों के सवार होने का मामला सामने आया, जिसमें छोटे बच्चे भी शामिल थे.
एक बाइक पर पांच सवारी, सुरक्षा से खिलवाड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था. बाइक पर क्षमता से अधिक लोगों के बैठने के बावजूद किसी तरह की रोक-टोक नजर नहीं आई. यातायात नियमों के मुताबिक दोपहिया वाहन पर अधिकतम दो लोगों के बैठने का प्रावधान है, लेकिन यहां नियमों को दरकिनार कर पांच लोग एक ही बाइक पर सफर करते दिखे.
हादसे का बढ़ सकता है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और ग्रामीण सड़कों पर ओवरलोड बाइक चलाना चालक समेत अन्य लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है.
प्रशासन से सख्ती की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन की ओर से नियमित जांच और कार्रवाई नहीं होने के कारण लोग यातायात नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की मांग की है.स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके.
