Pakur: पाकुड़ रथ मेला में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है.उनके पास से चोरी के 06 मोबाइल फोन और ₹7390 नगद बरामद किए गए हैं. एसडीपीओ कुमार गौरव ने नगर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया.
भीड़ का फायदा उठाकर की थी चोरी
एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि बीती 16 जुलाई को नगर थाना क्षेत्र में रथ मेला में अत्यधिक भीड़-भाड़ का लाभ उठाकर चोरों ने मेला देखने आए कई महिला व पुरुष के मोबाइल फोन, पर्स, नगद रुपए और सोने की चेन आदि उड़ा लिए थे. चोरी की इस घटना को लेकर पीड़ित विश्वजीत सरकार, वंदना देवी, प्रमिला मण्डल, प्रियंका देवी, पद्मावती देवी और नमिता मण्डल के आवेदन पर नगर थाना में कांड संख्या- 170/26, 171/26, 172/26, 173/26, 174/26 और 175/26 दर्ज किया गया था.
एसपी के निर्देश पर बनी थी एसआईटी
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) व छापेमारी दल का गठन किया गया. एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों का सहारा लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और चोरी की घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को धर दबोचा. पूछताछ में गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. दोनों आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के पांडेश्वर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
