Ranchi: दक्षिण पूर्व रेलवे में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है. भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी मनीष जैन ने दक्षिण पूर्व रेलवे के नए अपर महाप्रबंधक (AGM) का कार्यभार संभाल लिया है. उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही जोन के विभिन्न विकास और परिचालन कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. 1990 बैच के भारतीय रेलवे सेवा (IRSME) अधिकारी मनीष जैन इससे पहले मेट्रो रेलवे, कोलकाता में प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे. रेलवे प्रशासन में उनका तीन दशक से अधिक का अनुभव रहा है.
मनीष जैन ने भारतीय रेल के कई महत्वपूर्ण पदों पर दी हैं सेवाएं
अपने लंबे कार्यकाल के दौरान मनीष जैन ने भारतीय रेल के कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं. वह हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रह चुके हैं. इसके अलावा रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक के रूप में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. इरकॉन, कॉनकॉर और राष्ट्रीय रेल संग्रहालय जैसी संस्थाओं में भी उन्होंने विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है.
विदेशों में भी अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लिया भाग
रेल अभियांत्रिकी एवं रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न विषयों का उन्हें व्यापक ज्ञान और समृद्ध कार्यानुभव प्राप्त है. उन्होंने भारत के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा सहित विदेशों में भी अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है. खेल, चलचित्र और संगीत में भी मनीष जैन की विशेष रुचि है. रेलवे को उम्मीद है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से दक्षिण पूर्व रेलवे को परिचालन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: पाकुड़: मेला में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, छह मोबाइल व नगद बरामद
