Ranchi: रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने की. इसमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हुए. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों और केंद्र सरकार की योजनाओं को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक हर नागरिक तक पहुंचाने का आह्वान किया. साथ ही समाज के सभी वर्गों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और सेवा, संगठन व समर्पण की भावना से काम करने की बात कही.
कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण लेने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी करने का भी निर्देश दिया.
ओबीसी मोर्चा समाज के हर वर्ग तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने कहा, कि ओबीसी मोर्चा समाज के हर वर्ग तक भाजपा की विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने राज्य की जेएमएम-कांग्रेस-राजद और वामपंथी गठबंधन सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: JSSC परीक्षा की तैयारी पूरी, 18 केंद्रों पर 5544 परीक्षार्थी होंगे शामिल
