Saraikela: JLKM पार्टी की ओर से आगामी सोमवार 20 जुलाई 2026 को चांडिल में एक विशाल शांतिपूर्ण मशाल जुलूस का आयोजन किया जाएगा. इसकी घोषणा शुक्रवार देर शाम चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बायपास रोड, भालुकोचा स्थित यदुवंशी होटल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में की गई. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो ने कहा, कि यह जुलूस तीन प्रमुख मांगों को लेकर निकाला जाएगा.
जुलूस के प्रमुख उद्देश्य
1. 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे लद्दाख के प्रसिद्ध इंजीनियर, शिक्षा सुधारक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में.
2. राज्य में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में.
3. शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर.
तरुण महतो ने बताया कि ईचागढ़ विधानसभा सहित पूरे कोल्हान के नागरिक इस जुलूस में शामिल होंगे.
समय और रूट
मशाल जुलूस आगामी सोमवार, 20 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे लेंदडीह गांव के सुखसारी स्थित अर्जुन चौक, चांडिल से शुरू होकर चांडिल बाजार तक जाएगा. उन्होंने सभी छात्र-युवाओं, अभिभावकों एवं जागरूक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की.
मौजूद रहे पदाधिकारी
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष दीपक महतो, जिला उपाध्यक्ष गुरुपद महतो, पूर्व केंद्रीय सदस्य फूलचांद महतो, निखिल महतो, जिला सचिव मोहम्मद जांबाज, अशोक महतो, गौतम महतो, राजकुमार गोराई सहित मुखिया मनोहर सिंह सरदार, चांडिल और मुखिया मंगल मांझी, रसुनिया आदि उपस्थित थे.
