Bokaro: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोकारो थर्मल स्थित कार्मेल उच्च विद्यालय में शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए.
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान और प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया.
विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प
पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अवसर पर शिक्षिका मरियम खेस, मोनिका कर्मकार, नीलम पांडेय और शिक्षक विश्वनाथ सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे. उन्होंने बच्चों को पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया.
