Seraikela: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, सरायकेला-खरसावां की ओर से प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, चावलीबासा में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया.
ऑनलाइन स्लॉट बुक करने वाले अभ्यर्थी हुए शामिल
शिविर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पंचायतों के वैसे अभ्यर्थियों को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था. शिविर के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई.
201 अभ्यर्थियों का था स्लॉट, 151 हुए सफल
जिला परिवहन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शिविर के लिए कुल 201 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित किया गया था. इनमें से 151 अभ्यर्थी लर्नर लाइसेंस परीक्षा में सफल हुए, जबकि 27 अभ्यर्थी असफल रहे और 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को लर्नर लाइसेंस उपलब्ध करा दिया गया.
नागरिकों को घर के पास मिल रही लाइसेंस सुविधा
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के साथ प्रखंड प्रशासन के पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे.जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंडवार आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके नजदीकी क्षेत्र में लर्नर लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराना और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाना है.
सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
जिला परिवहन कार्यालय ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हमेशा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं. साथ ही यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें.प्रशासन ने लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की है.
ALSO READ: बोकारो: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कार्मेल स्कूल में विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण
