गुमला में बड़ा हादसा, स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलटी; 10 बच्चे घायल, एक की हालत गंभीर

Gumla: गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत झटगीटोली गांव में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जोहार विद्यालय के...

Gumla: गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत झटगीटोली गांव में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जोहार विद्यालय के बच्चों को लेकर घर जा रही एक ऑटो स्कूल से कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ऑटो में सवार 10 स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से 9 बच्चों को आर्थो केयर हॉस्पिटल, सिसई में भर्ती कराया गया, जबकि एक बच्चे को रेफरल अस्पताल, सिसई ले जाया गया.

गंभीर घायल बच्चे को गुमला सदर अस्पताल रेफर

रेफरल अस्पताल में भर्ती 9 वर्षीय आदित्य उरांव, पिता मंगलेश्वर उरांव, के सिर में गंभीर चोट लगी थी. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला रेफर कर दिया. वहीं अन्य नौ बच्चों का इलाज आर्थो केयर हॉस्पिटल में जारी है.

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सिसई रमेश कुमार यादव, जिला परिषद अध्यक्ष किरण बाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अभिभावक अस्पताल पहुंचे. सभी ने घायलों का हाल जाना और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया.

स्कूल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल

हादसे के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ बढ़ने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक का फोन बंद मिलने की बात सामने आई. इससे घटना की पूरी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी. इस बीच स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि ऑटो कथित रूप से विद्यालय के प्रधानाध्यापक का था.

छात्र के ऑटो चलाने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

स्थानीय सूत्रों के अनुसार हादसे के समय ऑटो कथित रूप से विद्यालय की कक्षा सात का एक छात्र चला रहा था. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. यदि जांच में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: सरायकेला: दिनदहाड़े युवक की धारदार हथियार से हत्या, पूरे इलाके में सनसनी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *