रांची पासपोर्ट ऑफिस को जहरीली गैस बम से उड़ाने की धमकी, सुखदेवनगर थाने में FIR दर्ज, हाई अलर्ट पर पुलिस

Ranchi: राजधानी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए ‘जहरीली गैस बम’ से उड़ाने की एक बार फिर सनसनीखेज धमकी मिली...

Ranchi: राजधानी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए ‘जहरीली गैस बम’ से उड़ाने की एक बार फिर सनसनीखेज धमकी मिली है. इस इनपुट के बाद रांची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से हाई अलर्ट मोड पर आ गई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सुखदेवनगर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है.

ईमेल का मजमून: ‘शहर के सभी पासपोर्ट ऑफिस में होंगे 3 जहरीले गैस ब्लास्ट’

थाने को दिए गए आधिकारिक शिकायती आवेदन के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सुखदेवनगर पुलिस को वरीय पुलिस पदाधिकारियों के माध्यम से एक धमकी भरे ईमेल की प्रति प्राप्त हुई थी. यह ईमेल कथित तौर पर Revan Kasim (kasim.rev@atomicmall.io) नाम के आईडी से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची की आधिकारिक ईमेल आईडी (rpo.ranchi@mea.gov.in) पर भेजा गया था. ईमेल भेजने वाले ने बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि शहर के सभी पासपोर्ट कार्यालयों में 3 जहरीले गैस बम ब्लास्ट किए जाएंगे.

दक्षिण भारतीय अभिनेत्री और मदुरै दरगाह विवाद का कनेक्शन!

पुलिस की प्राथमिक जांच में इस धमकी के पीछे एक अजीबोगरीब अंतरराष्ट्रीय/धार्मिक विवाद का एंगल सामने आया है. ईमेल भेजने वाले ने धमकी के पीछे तर्क देते हुए लिखा है कि दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री निवेथा पेथुराज (Nivetha Pethuraj) ने मदुरै के ‘थिरुपुरनकुंदम दरगाह’ से जुड़े मुद्दों में कथित रूप से पैगंबर मुहम्मद का अपमान किया है, और इसी के विरोध में वे इस आत्मघाती कदम को अंजाम देने वाले हैं. इस तरह के ईमेल से शहर में बड़े पैमाने पर जान-माल की क्षति होने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की प्रबल आशंका को देखते हुए पुलिस ने इसे संज्ञेय अपराध मानते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *