Khunti: तोरपा मुख्य सड़क स्थित दो प्रतिष्ठानों में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान से करीब 10 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण और एक वाइन शॉप से नकदी व महंगी अंग्रेजी शराब चोरी कर ली. दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, तोरपा मेन रोड स्थित मां शांति ज्वैलर्स का शटर और ताला तोड़कर चोर दुकान में घुस गए. दुकान के काउंटर में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए. सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक गणेश सोनी ने शटर का ताला टूटा देखा और अंदर पहुंचने पर आभूषण गायब मिले. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
वाइन शॉप से नकदी और 10 पेटी महंगी शराब की चोरी
इधर, इसी रात मेन रोड स्थित एक वाइन शॉप को भी चोरों ने निशाना बनाया. शटर का ताला कटर से काटकर दुकान में प्रवेश किया और कैश काउंटर से करीब 18 हजार रुपये नकद तथा लगभग 10 पेटी महंगी अंग्रेजी शराब चोरी कर ली. दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

सफेद कपड़े और मास्क में दिखे चोर, कार से पहुंचे थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरे शरीर पर सफेद कपड़े, चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहने हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी एक कार से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा.
ALSO READ: खूंटी: वज्रपात ने उजाड़ी दो किसानों की उम्मीद, चार बैलों की मौत से ₹2 लाख का नुकसान
