Bokaro: डीवीसी बोकारो थर्मल के पुनर्वासित गांव नया बस्ती में गहराते जल संकट और पानी की भारी किल्लत को दूर करने के लिए आजसू पार्टी ने डीवीसी प्रबंधन से चेक डैम निर्माण की मांग की है. इस सिलसिले में आजसू पार्टी के गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि (बेरमो प्रखंड) एवं डीवीसी ऑल वैली विस्थापित केन्द्रीय कमिटी के युवा अध्यक्ष जितेन्द्र यादव ने दामोदर घाटी निगम बोकारो थर्मल पावर स्टेशन के वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान को एक पत्र सौंपा है. पत्र के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र की विकट स्थिति से प्रबंधन को अवगत कराते हुए इस दिशा में जल्द सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।. सांसद प्रतिनिधि जितेन्द्र यादव ने बताया कि विगत 14 जुलाई को डीवीसी के सीएसआर (CSR) मद के तहत ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव में एक 700 फीट गहरा डीप बोरिंग कराया गया था. अत्यंत खेद का विषय है कि इतनी अधिक गहराई तक बोरिंग किए जाने के बावजूद वहाँ से पानी नहीं निकल पाया और डीवीसी का यह प्रयास पूरी तरह से असफल रहा. क्षेत्र का जलस्तर अत्यधिक नीचे होने के कारण नया बस्ती के ग्रामीणों के बीच पानी की किल्लत जस की तस बनी हुई है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं.
पानी की समस्या दूर करने के लिए स्थायी समाधान की मांग
गांव की इस गंभीर स्थिति और पानी की अनिवार्य आवश्यकता को देखते हुए आजसू नेता ने डीवीसी के परियोजना प्रधान से अनुरोध किया है कि नया बस्ती में जल संचय और वाटर लेवल को सुधारने के लिए सीएसआर मद से तत्काल एक चेक डैम (Check Dam) के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए. उन्होंने कहा कि चेक डैम बनने से न केवल बरसात का पानी व्यर्थ बहने से रुकेगा, बल्कि इससे आस-पास का भूमिगत जलस्तर भी ऊपर उठेगा, जिससे पूरे गाँव को पानी की समस्या से हमेशा के लिए स्थाई मुक्ति मिल सकेगी. उन्होंने प्रबंधन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और चेक डैम निर्माण कार्य को जल्द से जल्द हरी झंडी देने की अपील की है. नया बस्ती में डीवीसी की 700 फीट गहरी बोरिंग फेल, जल संकट दूर करने के लिए आजसू ने की चेक डैम निर्माण की मांग की.
