Koderma: मरकच्चो प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय दशारो के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रदेव यादव के खिलाफ ग्रामीणों ने अनियमितता, मनमानी और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने मंगलवार को उपायुक्त को हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक विद्यालय संचालन में लापरवाही बरतते हैं और विद्यालय अवधि में शैक्षणिक कार्यों के बजाय निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं. इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
विद्यालय में नियमित पढ़ाई नहीं होती
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की विभिन्न योजनाओं और वित्तीय मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है. आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है. पिछले 5 वर्षों से स्कूल के विकास फंड की सही ढंग से जांच नहीं हुई है. मध्याह्न भोजन योजना में भी घोर अनियमितता बरती जा रही है. भोजन की गुणवत्ता खराब है और वितरण में लापरवाही की जा रही है. इससे बच्चों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में नियमित पढ़ाई नहीं होती और प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत कुछ शिक्षक विद्यालय समय में निजी कार्य करते हैं.
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध आवश्यक विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सरकारी योजनाओं का सही ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. आवेदन पर जागेश्वर कुमार राम, संतोष राणा, विजय दास, विनोद यादव, भीम कुमार यादव, सूरज यादव, चंदन दास, मुखलाल यादव, परवीन कुमार राम, पवन वर्णवाल, जानकी यादव, उमा शंकर यादव सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
AlsoRead:JPSC विवाद पर भाजपा का कांग्रेस-जेएमएम पर हमला, कहा- सवालों से भाग रही है सरकार
