Ranchi: NEET-UG पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को राजधानी रांची में छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) के मुख्य द्वार के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया.
इस्तीफा देने की भी मांग की
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उनका आरोप था कि लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य असमंजस में है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने में सरकार नाकाम रही है. छात्र संगठनों ने मांग की कि NEET-UG पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की गई.
पुलिस कार्रवाई की आलोचना
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की. उनका कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने इस मामले की न्यायिक जांच कराने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान झारखंड के एसटी और एससी वर्ग के विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. छात्र नेताओं ने कहा कि समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने सरकार से जल्द बकाया छात्रवृत्ति जारी करने और छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की.
