Ranchi: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में आज राजधानी रांची में बड़ा राजनीतिक और युवा प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के पूर्व घोषित जेपीएससी कार्यालय घेराव कार्यक्रम को लेकर सूबे भर से युवाओं और कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया है.
तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे हजारों की संख्या में अभ्यर्थी और भाजयुमो कार्यकर्ता कचहरी स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्र हो रहे हैं, जहां से एक विशाल मार्च निकालकर जेपीएससी मुख्यालय का घेराव किया जाएगा. फिलहाल स्टेडियम परिसर में युवाओं का जमावड़ा तेजी से बढ़ रहा है और माहौल में सरकार विरोधी नारे गूंज रहे हैं.
तमाड़ में भारी पुलिस बल तैनात, कार्यकर्ताओं को रोका
घेराव कार्यक्रम को असफल करने और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है. रांची आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिसिया नाकाबंदी बढ़ा दी गई है. इसी क्रम में, तमाड़ (रांची) में पुलिस ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से आ रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं के काफिले को बीच रास्ते में ही रोक दिया.
सड़क पर ही धरने पर बैठे कार्यकर्ता
पुलिस द्वारा रोके जाने से आक्रोशित कार्यकर्ता वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और जेपीएससी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है.
ALSO READ: चाईबासा में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, सड़क पर गिरा विशाल बरगद का पेड़
