जामताड़ा: जलवायु परिवर्तन के दौर में मड़ुआ की खेती बनी किसानों के लिए सुरक्षित विकल्प

योगेश कुमार Jamtara: जिले में कम वर्षा और लगातार बदलते मौसम के कारण किसान अब पारंपरिक धान की खेती के बजाय वैकल्पिक...

जामताड़ा
मड़ुआ की खेती

योगेश कुमार

Jamtara: जिले में कम वर्षा और लगातार बदलते मौसम के कारण किसान अब पारंपरिक धान की खेती के बजाय वैकल्पिक फसलों की ओर रुख कर रहे हैं. जामताड़ा सदर प्रखंड के आसनचुवां गांव के प्रगतिशील किसान इंद्रजीत महतो ने इस वर्ष दो एकड़ भूमि में मड़ुआ (रागी) की खेती कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है.

कम पानी में बेहतर उत्पादन का विकल्प

इंद्रजीत महतो का कहना है कि वे हर वर्ष मड़ुआ की खेती करते हैं, क्योंकि यह फसल कम पानी में भी अच्छी उपज देती है. इस बार कम बारिश को देखते हुए उन्हें धान की तुलना में मड़ुआ की खेती अधिक सुरक्षित और लाभकारी विकल्प लगी. उनका मानना है कि जलवायु परिवर्तन और घटती वर्षा के दौर में किसानों को मोटे अनाज की खेती अपनानी चाहिए, जिससे कम लागत में बेहतर उत्पादन के साथ जोखिम भी कम होता है.

जामताड़ा
मड़ुआ की खेती

समेकित कृषि प्रणाली से बढ़ी आय

इंद्रजीत महतो केवल मड़ुआ की खेती तक सीमित नहीं हैं, वे खरीफ और रबी दोनों मौसम में विभिन्न फसलों की खेती करते हैं. इसके साथ ही वैज्ञानिक तरीके से सब्जियों का उत्पादन भी कर रहे हैं. समेकित कृषि प्रणाली अपनाकर उन्होंने खेती के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. खेती के साथ-साथ वे दर्जनों बकरियों का पालन भी करते हैं, जिससे उन्हें हर वर्ष लाखों रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त होती है.

सरकारी योजनाओं से मिली नई ताकत

इंद्रजीत महतो ने कुसुम योजना के तहत सोलर पंप का लाभ लिया है, इसकी सहायता से वे बरबटी, भिंडी, बैंगन और टमाटर जैसी सब्जियों की सिंचाई कर आधुनिक तकनीक से खेती कर रहे हैं. वहीं कृषि विभाग की ट्रैक्टर योजना का लाभ मिलने से खेती के कार्य आसान हुए हैं और उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुई है.

ALSO READ: तिलैया डैम घूमने आए युवक की कार चोरी, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार

अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बने इंद्रजीत

जिला कृषि पदाधिकारी(DAO) लव कुमार ने बताया कि इंद्रजीत महतो जिले के मेहनती और प्रगतिशील किसानों में शामिल हैं. कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मड़ुआ जैसी वैकल्पिक फसल अपनाई है, जो अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि कृषि विभाग ऐसे किसानों को तकनीकी सहयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *