Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले में CID ने कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सूत्रों के मुताबिक इन सभी लोगों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल रिपोर्ट के बाद इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा. इससे पहले सीआईडी ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार किए गए लोगों में JPSC की उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रामवीर सिंह, पोड़ैयाहाट के BSO अभय कुमार तिवारी, मो. उस्मान और मो. एबाद शामिल हैं. सभी को 22 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
अन्य लोगों की संलिप्ती आने पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
राज्य सरकार के निर्देश पर CID ने रांची पुलिस के सहयोग से JPSC कार्यालय समेत राज्य के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए CID थाने में केस भी दर्ज कर लिया गया है. CID ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के अलावा झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के तहत भी मामला दर्ज किया है. इन कानूनों के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है. CID अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है. जांच के दौरान यदि नए साक्ष्य या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि इस गिरफ्तारी की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ALSO READ : तिलैया डैम घूमने आए युवक की कार चोरी, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार
