Jamshedpur : शहरी क्षेत्र में बुधवार को हुई मूसलधार बारिश ने पूरे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. लगातार हो रही तेज बारिश से शहर के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा. तेज बारिश के कारण साकची, मानगो, कदमा, गोलमुरी और बिष्टुपुर समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं. कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया.
प्रशासन ने लोगों से की अपील
जलभराव के बीच दर्जनों चारपहिया और दोपहिया वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए. कुछ वाहन तो पानी में आधे तक डूबे नजर आए. वाहनों के बंद होने से कई जगहों पर लंबा जाम लग गया. अचानक हुई बारिश से बाजार और कार्यालयों से घर लौट रहे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई. जगह-जगह जलजमाव को देखकर स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए और स्थायी समाधान की मांग की. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक न जाएं और सतर्क रहें.
Also Read : रांची में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, बकरी बाजार में इस बार दिखेगी तमिलनाडु के वृहदीश्वर मंदिर की भव्य झलक
