Ranchi: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में सीटों की संख्या घटाए जाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार को विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और सीटें बढ़ाने, प्रवेश प्रक्रिया में सुधार तथा विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं को दूर करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया.
विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित
प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की. इसी बीच विश्वविद्यालय के शिक्षक कुलपति के समर्थन में एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए. इसके बाद परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाए गए. हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले मामला शांत हो गया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. छात्र नेताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय में सीटों की कटौती से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर फैसला नहीं लिया गया, तो विश्वविद्यालय में फिर से तालाबंदी और उग्र आंदोलन किया जाएगा. गौरतलब है कि इसी मुद्दे को लेकर दो दिन पहले भी छात्रों ने विश्वविद्यालय में सुबह से देर रात तक तालाबंदी की थी. उस दौरान स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा था. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने देर रात तक कुलपति को परिसर से बाहर भी नहीं निकलने दिया था.
