दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का समापन, रांची बनी ओवरऑल चैंपियन

Ranchi: तीन दिवसीय (21 से 23 जुलाई) दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का गुरुवार को समापन हो गया. इस प्रतियोगिता में रांची,...

Southern Chotanagpur Police Sports Meet 2026
विजेता टीम को ट्रॉफी देते मुख्य अतिथि

Ranchi: तीन दिवसीय (21 से 23 जुलाई) दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का गुरुवार को समापन हो गया. इस प्रतियोगिता में रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला तथा सिमडेगा पांच जिलों ने भाग लिया, जिसमें रांची ओवर ऑल चैंपियन बना. समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी.

सशक्त एवं सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका

समापन समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक ने कहा, कि एक सशक्त एवं सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. खेल केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता एवं टीमवर्क की भावना का भी विकास करते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच इस प्रकार की खेल प्रतियोगिता पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न जिलों के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करती है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया.

विभिन्न खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक किया गया आयोजन

दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट–2026 का आयोजन 21 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक किया गया. प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.

खूंटी जिला द्वितीय तथा गुमला जिला तृतीय स्थान पर रहा

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रांची जिला ने ओवर ऑल चैंपियन का खिताब प्राप्त किया. खूंटी जिला द्वितीय तथा गुमला जिला तृतीय स्थान पर रहा. विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी रहे उपस्थित 

समापन समारोह के अवसर पर एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एसपी खूंटी ऋषभ गर्ग, एसपी गुमला हरीश बीन जमा, एसपी लोहरदगा सिद्दीकी ए. रिज़वी, एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस. कोठारे सहित दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: झारखंड में जल्द शुरू होगा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, सूचना भवन से होगी शुरुआत

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *