Ranchi: झारखंड में फिल्म और टेलीविजन (Film and Television) की पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (Film and Television Institute) की स्थापना की दिशा में काम शुरू हो गया है. शुरुआती दौर में यह संस्थान रांची के सूचना भवन से संचालित होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच एमओयू हुआ था. इसके बाद गुरुवार को SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता अपनी टीम के साथ सूचना भवन पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और संस्थान शुरू करने के लिए उपलब्ध जगह और सुविधाओं का जायजा लिया.
शुरुआती चरण में शॉर्ट-टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद ने बताया कि शुरुआती चरण में 1, 2, 3 और 6 महीने के शॉर्ट-टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे. ये कोर्स पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और इवनिंग क्लास के रूप में संचालित होंगे, ताकि छात्र और नौकरी करने वाले युवा भी आसानी से इनमें हिस्सा ले सकें. इन कोर्सों में साउंड डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. इनका संचालन SRFTI के तकनीकी सहयोग से किया जाएगा.
युवाओं को राज्य में ही फिल्म और मीडिया की आधुनिक तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता ने कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से झारखंड के युवाओं को राज्य में ही फिल्म और मीडिया की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्थान की रूपरेखा तैयार करने, क्लासरूम डिजाइन, तकनीकी सुविधाएं विकसित करने और विशेषज्ञ शिक्षकों की व्यवस्था करने में SRFTI पूरा सहयोग देगा. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शुरुआत में फिल्म एप्रिशिएशन जैसे छोटे कोर्स शुरू किए जाएं. साथ ही राज्य के पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के लिए भी आधुनिक फिल्म, टीवी और डिजिटल मीडिया तकनीकों पर शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग कोर्स चलाए जाएं.
यह भी पढ़ें: रांची: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र; 7 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट, विभागों से मांगे गए प्रस्ताव
