Ranchi: झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर के 56 रिक्त पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति करने का निर्णय लिया है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों का चयन 3 अगस्त 2026 को होने वाले वॉक-इन-इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा.
इन कॉलेजों के लिए की जाएंगी नियुक्तियां
यह नियुक्तियां राज्य के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (धनबाद), MGM मेडिकल कॉलेज (जमशेदपुर), फुलो झानो मेडिकल कॉलेज (दुमका), मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज (पलामू) और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (हजारीबाग) के लिए की जाएंगी. विभाग के अनुसार कुल 56 पदों में 38 अनारक्षित (UR), 12 अनुसूचित जनजाति (ST) और 6 अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित हैं. भर्ती एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, ईएनटी सहित कुल 18 विभागों में की जाएगी. चयनित प्रोफेसरों को हर महीने 2.50 लाख रुपये का मानदेय मिलेगा. हालांकि, इसके अलावा किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता या अन्य सरकारी सुविधा नहीं दी जाएगी.
संविदा के आधार पर होगी नियुक्ति
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा के आधार पर होगी. सेवा अवधि अधिकतम दो वर्ष, नियमित नियुक्ति होने तक या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगी. इनमें जो भी पहले होगा, वही लागू होगा. आवश्यकता पड़ने पर और वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद संविदा अवधि बढ़ाई भी जा सकती है.
प्रोफेसर पद के लिए उम्मीदवारों के पास राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) और मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) के निर्धारित शैक्षणिक और अनुभव संबंधी मानक पूरे होना अनिवार्य है. सभी वर्गों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष तय की गई है.
