Ranchi: झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने आज रांची जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने रांची, खिजरी, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया और BLO से बातचीत कर उनके कामकाज की जानकारी ली.
BLO से मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान के. राजू ने BLO से मतदाता सूची से जुड़े कार्यों, फॉर्म अपलोड करने की प्रक्रिया और मतदाताओं के सत्यापन के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने पूछा कि एक आवेदन को सिस्टम में अपलोड करने में कितना समय लगता है. इस पर BLO ने बताया कि एक फॉर्म अपलोड करने में करीब 1 से 5 मिनट का समय लगता है. इस दौरान के. राजू ने यह भी पूछा कि यदि कोई मतदाता एक से अधिक मतदान केंद्रों पर पंजीकृत है, तो उसकी पहचान कैसे की जाती है. इस पर बीएलओ ने बताया कि मतदाता का EPIC (मतदाता पहचान पत्र) नंबर ऐप में दर्ज करते ही उसकी पूरी जानकारी सामने आ जाती है, जिससे ऐसे मामलों की आसानी से पहचान हो जाती है.
दौरे के दौरान मतदान केंद्रों पर ASDD सूची भी पढ़कर सुनाई गई. वहीं कांग्रेस प्रभारी ने BLA-1 और BLA-2 के कार्यों की भी जानकारी ली और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा.
