बोकारो: कस्तूरबा एवं बालिका आवासीय विद्यालयों में 627 छात्राओं के नामांकन को मिली मंजूरी

Bokaro: बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कस्तूरबा नामांकन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में...

कस्तूरबा नामांकन समिति की बैठक में शामिल अधिकारी
कस्तूरबा नामांकन समिति की बैठक में शामिल अधिकारी

Bokaro: बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कस्तूरबा नामांकन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन प्रस्तावों की समीक्षा की गई. प्रखंड स्तरीय कस्तूरबा नामांकन समितियों द्वारा अग्रसारित चयनित छात्राओं की सूची पर विचार के बाद जिला स्तरीय समिति ने सर्वसम्मति से अनुमोदन करते हुए कुल 627 छात्राओं के नामांकन को स्वीकृति प्रदान की.

सूची के अनुसार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चास में 78, चंदनकियारी में 93, गोमिया में 83, जरीडीह में 76, कसमार में 56, नावाडीह में 70, पेटरवार में 81, बेरमो में 42 तथा झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चंद्रपुरा में 48 छात्राओं के नामांकन को मंजूरी दी गई.

नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बालिकाओं के व्यक्तित्व निर्माण और महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम हैं. उन्होंने विद्यालयों में छात्राओं के भीतर नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने के लिए खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए.

उपायुक्त ने छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत कार्यशीलता बनाए रखने तथा छात्रावास एवं विद्यालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

स्वच्छ, सुरक्षित परिसर के साथ नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर

उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन की सामूहिक जिम्मेदारी है. उपायुक्त ने सभी विद्यालयों के प्राचार्य-सह-वार्डन को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचार आधारित गतिविधियां संचालित करने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू करने का निर्देश दिया.

ALSO READ: रांची में डूरंड कप 2026 का जबरदस्त क्रेज, पहले दिन ही बंट गए 12 हजार से ज्यादा फ्री टिकट

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *