News Wave Desk : देश भर के करोड़ों परीक्षार्थियों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार ने एक बेहद कड़ा और बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए सरकार ने फास्ट-ट्रैक अदालतों के गठन का बड़ा फैसला लिया है, ताकि ऐसे मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द और सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
PM मोदी का ट्वीट : युवाओं के भविष्य से बढ़कर कुछ नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स X पर अपने संदेश में युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने लिखा कि हमारे युवाओं की भलाई और भविष्य से ज़्यादा ज़रूरी कुछ नहीं है. हमने पेपर लीक में शामिल लोगों को जल्दी और कड़ी सज़ा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का फ़ैसला किया है. संबंधित अधिकारियों को इस बारे में सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है. छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार की कार्रवाई का सिलसिला जारी है. जो लोग हमारे युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.

अधिकारियों को सख्त निर्देश
प्रधानमंत्री ने संबंधित मंत्रालयों और प्रशासनिक अधिकारियों को बिना किसी देरी के इस व्यवस्था को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने के आदेश दिया है. सरकार का यह कदम संगठित गिरोहों, नकल माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों के लिए एक कड़ा चेतावनी संदेश है. हाल के दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को निराश किया था.
ALSO READ : CJP ने कहा – सरकार से बातचीत सिर्फ जंतर-मंतर में, NDA सांसदों का विरोध प्रदर्शन आज
